महान विभूतियों की मूर्तियों का अनावरण तथा खटीमा के सबसे उंचे तिरंगा स्तंभ की स्थापना
खटीमा ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख रंजीत सिंह नामधारी द्वारा देश की एकता, अखंडता एवं समरसता को समर्पित खटीमा का सबसे ऊंचा तिरंगा 111 फीट का स्थापित किया गया साथ ही तिरंगा के नीचे स्थापित देश के महान विभूतियों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों डॉ भीमराव अंबेडकर, सुभाष चंद्र बोस, सरदार उधम सिंह, सरदार भगत सिंह, वीर महाराणा प्रताप, पंडित गोविंद बल्लभ पंत तथा डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम के मूर्तियों का अनावरण किया गया। इस दौरान सशस्त्र सीमा बल के जवानों द्वारा तिरंगा झंडा को ध्वज सलामी दी गई।
इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित कवियों द्वारा उत्तराखंड की संस्कृति, शहीदों तथा देशभक्ति से संबंधित रचनाओं को प्रस्तुत कर कार्यक्रम को रोचक, आकर्षक और मनमोहक बनाया गया। वहीं इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नामधारी ने अपने कार्यकाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
साथ ही उन्होंने कहा कि महान विभूतियों की मूर्ति व खटीमा के सबसे उंचे तिरंगा स्तंभ की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में राष्ट्र के प्रति देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा भाईचारे और एकता का मिसाल कायम करना है। इस दौरान क्षेत्र के तमाम ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, समाज सेवियों, पत्रकारों, ब्लॉक के कर्मचारियों तथा महिला समूह के सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।