खटीमा-मझोला राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली पर विधायक का धरना- प्रदर्शन
पिछले एक वर्ष से बदहाल चल रहे खटीमा मझोला राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर विधायक भुवन चंद्र कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खटीमा मंडी समिति गेट पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर सांकेतिक धरना दिया तथा एसडीएम के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना प्रबंधक को एक ज्ञापन प्रेषित किया। इस अवसर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया तथा जल्द से जल्द रोड के पुनर्निर्माण की मांग की। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दिया कि यदि रोड का निर्माण जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेसी कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
वहीं क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि खटीमा मझोला राष्ट्रीय राजमार्ग लम्बे समय से जर्जर हालत में चल रहा है। जगह जगह गड्ढे होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है और कई लोगों की मौतें भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस एनएच मार्ग के मेंटीनेंस व पुनर्निर्माण हेतु दो डीपीआर पौने तीन करोड़ व सौ करोड़ बनाने की बात कर रहा है। लेकिन बीते एक साल से भी अधिक समय से जर्जर इस मार्ग से खटीमा विधानसभा की लगभग पचास हजार जनसंख्या प्रभावित हो रही है।
वहीं उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड को जोड़ने वाले एक मात्र हाइवे की जर्जर हालत से प्रतिदिन हजारों लोग प्रभावित हो रहे है। वहीं कापड़ी ने चेतावनी दिया कि यदि एक माह के अंदर रोड का निर्माण नहीं शुरू किया गया तो कांग्रेसी कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा राज्य सरकार उन पर चाहे जो भी मुकदमा लगा दे लेकिन वह स्थानीय जनता की सुविधा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।