उधम सिंह नगर खटीमा: विधायक भुवन कापड़ी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर खटीमा तहसील में प्रशासन की मौजूदगी में बगैर वैधानिक आदेश के लगभग 125 एकड़ कृषि भूमि की खड़ी फसलों को जबरन नष्ट किए जाने के गंभीर प्रकरण में न्याय व कार्रवाई करने की मांग की है।
कापड़ी ने पत्र में कहा कि हाल ही में एक अत्यंत गंभीर, दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय मामला सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था, किसान हितों तथा शहीद परिवारों के सम्मान पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्रत्यक्ष मौजूदगी में बगैर नंबर के 30 से अधिक ट्रैक्टरों के माध्यम से लगभग 125 एकड़ कृषि भूमि को जबरन जोत दिया गया।
इस भूमि पर गन्ना, लाई, गेहूं की फसलें खड़ी थीं, जिन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। यह भूमि पिछले लगभग 60 वर्षों से आजादी के बाद एक शहीद परिवार जब यहां आने के लिए भी लोग डरते थे, तब से इस जमीन पर खेती कर देश की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ 500 से अधिक लोगों को रोजगार देकर क्षेत्र के विकास में सहयोगी रहा।
राजस्व के अधिकारी और पुलिस ने खड़े होकर खड़ी फसल माफियाओं के साथ बिना किसी न्यायालय के आदेश पर जोत दी। जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। और कहा कि ये घटना उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के घर से 500 मीटर की दूरी पर उनकी ही ग्रामसभा में हुई है। एक सप्ताह बीतने के बाद भी दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कापड़ी ने प्रधानमंत्री से पीड़ित किसान को न्याय दिलाने की मांग की है।