आप पार्टी का 2027 विधानसभा का फूका बिगुलः पलायन और बेरोजगारी उठाए मुद्दा अहम,
आप ने उठाए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दे, ‘दिल्ली मॉडल’ लागू करने का वादा
खटीमा: आम आदमी पार्टी ने बुधवार को खटीमा में प्रेस वार्ता कर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नशे की समस्या पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दया किशन कालोनी ने कहा कि राज्य में इन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। एक निजी होटल में आयोजित वार्ता में उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलें, इसके लिए ठोस नीति बननी चाहिए। उन्होंने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता भी बताई। साथ ही युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को सामाजिक चुनौती बताते हुए इस पर प्रभावी कदम उठाने की बात कही।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यदि प्रदेश में आम आदमी पार्टी को सेवा का अवसर मिलता है तो ‘दिल्ली मॉडल’ के अनुभव के आधार पर निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली और जल सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने और युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने की योजना का भी उल्लेख किया। नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती बरतने की बात भी कही गई। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष जसपाल सिंह, नानकमत्ता ब्लॉक अध्यक्ष सुखदेव सिंह चीमा, खटीमा विधानसभा अध्यक्ष करम सिंह राणा और ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह सामंत समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।