प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने क्वारब जोन के सुरक्षात्मक कार्यों का किया निरीक्षण, तेजी लाने के दिए निर्देश

प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने क्वारब जोन के सुरक्षात्मक कार्यों का किया निरीक्षण, तेजी लाने के दिए निर्देश

अल्मोड़ा जनपद के प्रभारी सचिव एवं लोक निर्माण सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने शनिवार को क्वारब जोन में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने प्रभारी सचिव को अवगत कराया कि क्वारब जोन में वैली साइड के सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, जबकि हिल साइड में सुरक्षात्मक कार्य तीव्र गति से संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ. पांडे ने मौके पर निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्वारब क्षेत्र अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग का सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां पर सड़क सुरक्षा और यातायात की सुगमता सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। बरसात के मौसम में इस क्षेत्र में लगातार भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आती हैं, इसलिए सुरक्षात्मक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों को इस प्रकार संपादित किया जाए कि आमजन और यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो और मार्ग पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनी रहे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शेष सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा कार्यों की प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्वारब जोन का स्थिरीकरण कार्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

गौरतलब है कि अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित क्वारब जोन पिछले कई वर्षों से भू-धंसाव के कारण चर्चा में रहा है। यहां वैली साइड और हिल साइड दोनों तरफ सुरक्षात्मक ट्रीटमेंट का कार्य किया जा रहा है। वैली साइड का कार्य पूरा होने से सड़क के धंसने का खतरा काफी हद तक कम हो गया है।इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, रानीखेत लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *