अखिलेश यादव की टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो ने फूंका पुतला, देवभूमि के अपमान पर जताया आक्रोश

अखिलेश यादव की टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो ने फूंका पुतला, देवभूमि के अपमान पर जताया आक्रोश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के निवासियों को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा बागेश्वर ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत के नेतृत्व में अखिलेश यादव का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

पुतला दहन कार्यक्रम नगर के मुख्य चौराहे पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जिसकी अपनी विशिष्ट पहचान, गौरवशाली संस्कृति और समृद्ध परंपराएं हैं। यहां के लोग सीधे, सच्चे और मेहनती हैं। प्रदेश के निवासियों के सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी पर उत्तराखंड की जनता अपनी आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार रखती है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले वरिष्ठ नेताओं को अपनी भाषा और बयानों के प्रति जिम्मेदार रहना चाहिए तथा उत्तराखंड के लोगों के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। देवभूमि का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशीष धपोला ने कहा कि देवभूमि की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान के प्रति किसी भी प्रकार की असम्मानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। उत्तराखंड के लोगों ने अपने परिश्रम से राज्य को नई पहचान दी है और ऐसे में किसी भी राजनीतिक नेता द्वारा इस तरह की टिप्पणी करना निंदनीय है। अखिलेश यादव को अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

पुतला दहन कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित सदस्य प्रशांत तिवाड़ी, डायरेक्टर जिला सहकारी बैंक महेश खेतवाल, जिला महामंत्री हरीश मेहरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवाशीष धानीक, मनोज बचखेती, नीरज बिष्ट, अंकित नगरकोटी, राहुल साह, आशीष कुमार सहित भारतीय जनता युवा मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजयुमो बागेश्वर ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति और जनमानस के सम्मान से जुड़े विषयों पर संगठन आगे भी अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा और देवभूमि के सम्मान के लिए किसी भी हद तक संघर्ष करने को तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *