ईस्टर फैक्ट्री के सामने दर्दनाक हादसा,खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ी बाइक; युवक की मौत
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित,परिवार में मचा कोहराम
खटीमा।ईस्टर फैक्ट्री के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे उप जिला चिकित्सालय खटीमा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, भगचुरी निवासी सुरेश मौर्य (40) पुत्र सुभज्ञा मौर्य शुक्रवार को बाइक संख्या UK 06 AH 0840 से खटीमा से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान ईस्टर फैक्टरी के सामने टायर पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या BR 06 GH 5318 में उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची ईस्टर कंपनी की एंबुलेंस से उन्हें उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया है। क्षतिग्रस्त बाइक को भी सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। उधर, सुरेश की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।