बेटे की शादी की दावत बांटने जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में मां की मौत, पिता-पुत्र घायल

पीलीभीत।बीसलपुर। बेटे की शादी की दावत बांटने रिश्तेदारियों में जा रहे बाइक सवार परिवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जनपद के खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम घुंडी निवासी बसंत लाल अपनी पत्नी कांति देवी (करीब 50 वर्ष) और पुत्र रवि (करीब 21 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP27 BS 4861 से रिश्तेदारियों में बेटे की शादी की दावत बांटने जा रहे थे। उनकी बाइक खुदागंज की तरफ से आ रही थी, जबकि अज्ञात वाहन बीसलपुर की ओर से जा रहा था।बताया जाता है कि जैसे ही बाइक गोवल पतिपुरा के पीछे भड़रिया मोड़ से आगे पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में कांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बसंत लाल और उनका पुत्र रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर बीसलपुर कोतवाली प्रभारी संजीव शुक्ला और एसएसआई रमेश चंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में बेटे की शादी की तैयारियों और दावत बांटने को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां पलभर में मातम छा गया। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *