गुरुद्वारा छवि पातशाही बिडोरा मझोला के प्रधान बने राज्य आंदोलनकारी दर्शन सिंह मलंगी,संगत ने सरोपा और तलवार भेंट कर सौंपी जिम्मेदारी, समाज के उत्थान के लिए तीन आश्रम पद्धति स्कूल खोलने की उठाई मांग
नानकमत्ता। गुरुद्वारा छवि पातशाही बिडोरा मझोला की प्रबंधक कमेटी के नए प्रधान के रूप में राज्य आंदोलनकारी दर्शन सिंह मलंगी को नियुक्त किया गया है। सोमवार, 16 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में संगत ने उन्हें विधिवत सरोपा और तलवार भेंट कर प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही गुरुद्वारा कार्यालय की चाबी भी उन्हें सौंपी गई।
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधान दर्शन सिंह डियूढ़ी के आकस्मिक निधन पर संगत ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नए प्रधान के चयन की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर क्षेत्र की बड़ी संख्या में संगत, सेवादार और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में पंजाबी माह की संक्रांति के शुभ अवसर पर कड़ाह प्रसाद और लंगर की व्यवस्था भी की गई।
नवनियुक्त प्रधान दर्शन सिंह मलंगी ने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हमेशा समाज के उत्थान और कल्याण के लिए प्रयासरत रही है और आगे भी इस दिशा में कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार से तीन आश्रम पद्धति विद्यालय खोलने की मांग की जा रही है। इनमें एक विद्यालय गुरुद्वारा छवि पातशाही बिडोरा मझोला के समीप, दूसरा रुद्रपुर और तीसरा काशीपुर-जसपुर क्षेत्र में स्थापित करने की मांग है। उन्होंने कहा कि राजसिक समाज लंबे समय से सामाजिक और शैक्षिक रूप से पिछड़ा रहा है। जनजातीय समाज की तर्ज पर आश्रम पद्धति विद्यालय स्थापित होने से समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिलेंगे और वे मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ सकेंगे। इस संबंध में प्रदेश सरकार से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राज्य आंदोलनकारी बताते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। दर्शन सिंह मलंगी ने कहा कि गुरुद्वारे के लंगर हॉल सहित अन्य अधूरे और क्षतिग्रस्त छोटे-बड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाएगा। इस दौरान पूर्व प्रधान सरदार आलम सिंह, सरदार जनरल सिंह, सेवादार सुखविंदर सिंह, रेशम सिंह, गुरदयाल सिंह, सदस्य प्रताप सिंह, सतपाल सिंह, मुख्य ग्रंथी बलविंदर सिंह, देव सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत और सेवादार उपस्थित रहे।