इंडो-नेपाल सीमा पर मिनी मैराथन का भव्य आयोजन, पांच बालिकाएं सम्मानित

वॉलीबॉल में जिला, मंडल और राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने वाली बेटियों का हुआ सम्मान

पीलीभीत/कलीनगर।भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे ग्राम पंचायत बूंदी भूड़ में छठ महापर्व के अवसर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सहयोग सेवा समर्पण संगठन इकाई बूंदी भूड़ की ओर से मिनी मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाकर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।मिनी मैराथन प्रतियोगिता में बरेली के नितिन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और 3100 रुपये की पुरस्कार राशि अपने नाम की। वहीं ग्राम बूंदी भूड़ के अजय राजभर ने द्वितीय स्थान हासिल कर 2100 रुपये तथा बरेली के प्रशांत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 1100 रुपये का पुरस्कार जीता। विजेताओं की उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वॉलीबॉल खेल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली पांच बालिकाओं का सम्मान समारोह रहा। जिला स्तर, बरेली मंडल स्तर और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली बूंदी भूड़ की सुजीता राजभर, श्वेता कुमारी, प्रिया कुमारी, अर्चना नायक और खुशी राजभर को सम्मानित किया गया। बालिकाओं की उपलब्धियों पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए इसे पूरे गांव के लिए गौरव का विषय बताया। वहीं आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। मिनी मैराथन जैसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं बेटियों को सम्मानित करने से अन्य बालिकाओं को भी खेलों में अपनी पहचान बनाने का हौसला मिलेगा।कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया गया। सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह के आयोजन को ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *