ट्रैक्टर से ले जाई जा रही कोलतार मिक्सर मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत

Riporter-Arvind Kumar

कलीनगर।पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के कलीनगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की जान चली गई। ट्रैक्टर से ले जाई जा रही कोलतार मिक्सर मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार कलीनगर के वार्ड नंबर दो निवासी सावित्री देवी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते से ट्रैक्टर पर लादकर कोलतार मिक्सर मशीन ले जाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान महिला मशीन की चपेट में आ गईं और उसके नीचे दबकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रैक्टर पर मौजूद मजदूरों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।उधर, सावित्री देवी की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस समय सावित्री देवी मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थीं, किसी ने भी नहीं सोचा था कि रास्ते में उनके साथ ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा। महिला की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद कलीनगर क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।फिलहाल थाना माधोटांडा पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही हिरासत में लिए गए मजदूरों से भी पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *