उत्तराखंड हाईकोर्ट ने रेप केस में निचली अदालत का फैसला पलटा, 20 साल की सजा पाए दोषी को किया बरी
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने चंपावत जिले के टनकपुर में 2021 में मानसिक रूप से कमजोर महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने निचली अदालत द्वारा दोषी ठहराए गए व्यक्ति को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। साथ ही उसकी 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा को भी रद्द कर दिया है।
जस्टिस रविंद्र मैठाणी और जस्टिस सिद्धार्थ साह की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए निचली अदालत द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया और साक्ष्यों के मूल्यांकन पर गंभीर सवाल उठाए। बेंच ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ आरोप साबित करने में विफल रहा।
चंपावत के सत्र न्यायालय ने पिछले साल 4 फरवरी को आरोपी दिनेश चौड़ाकोटी को भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(1) के तहत दोषी ठहराते हुए 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने इस फैसले को निरस्त कर दिया।
घटना अगस्त 2021 में टनकपुर रोडवेज बस अड्डे की बताई गई थी। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर 26 अगस्त, 2021 को टनकपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इसके बाद दिनेश चौड़ाकोटी को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान महिला की मानसिक स्थिति के कारण उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका था। सत्र न्यायालय ने हालांकि गवाहों की गवाही और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर चौड़ाकोटी को दोषी ठहराया था।
हाईकोर्ट ने अपील पर सुनवाई करते हुए पाया कि न तो फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की रिपोर्ट और ना ही मेडिकल रिपोर्ट आरोपी को कथित अपराध से जोड़ती है। बेंच ने करीब एक साल बाद गवाहों द्वारा अदालत में आरोपी की पहचान किए जाने को भी अविश्वसनीय माना।
हाईकोर्ट ने कहा कि वीडियो में संबंधित व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था और जांच के दौरान आरोपी की पहचान के लिए शिनाख्त परेड (टीआईपी) भी नहीं कराई गई थी। ऐसे में केवल वीडियो के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराना सही नहीं था।
बेंच ने सत्र न्यायाधीश द्वारा वायरल वीडियो को खुली अदालत में चलाने के बजाय अपने रूम में निजी रूप से देखने पर भी आपत्ति जताई। बेंच ने कहा कि जज द्वारा स्वयं वीडियो देखकर आरोपी की पहचान करना और उसे दोषसिद्धि का आधार बनाना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों तथा स्थापित कानूनी प्रक्रिया के विपरीत था।
हाईकोर्ट ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। साक्ष्य को खुली अदालत में प्रस्तुत किया जाना चाहिए, ताकि दोनों पक्षों को उसे देखने और उस पर अपनी बात रखने का मौका मिल सके। निजी रूप से देखे गए साक्ष्य के आधार पर सजा देना कानून की स्थापित प्रक्रिया के खिलाफ है।
इस फैसले को कानूनी जानकार महत्वपूर्ण मान रहे हैं। उनका कहना है कि यह फैसला साक्ष्यों के सही मूल्यांकन, पहचान परेड और निष्पक्ष सुनवाई के महत्व को दर्शाता है।
हनीट्रैप की आरोपी महिला को झटका, गिरफ्तारी पर लगी रोक हटी
इसके अलावा एक अन्य मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने हल्द्वानी में एक बुजुर्ग कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और रकम वसूलने की आरोपी महिला को बड़ा झटका दिया है। जस्टिस पंकज पुरोहित की बेंच ने शुक्रवार को महिला की वह याचिका खारिज कर दी, जिसमें उसने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करने का अनुरोध किया था।
बेंच ने इसके साथ ही आरोपी महिला की गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक भी हटा ली। इससे पहले, हाईकोर्ट ने आरोपी महिला को अंतरिम राहत देते हुए उसकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी। अब रोक हटने के बाद पुलिस आरोपी महिला को गिरफ्तार कर सकती है।
याचिकाकर्ता महिला ने खुद को झूठे मामले में फंसाए जाने का दावा करते हुए कहा था कि कथित अपराधों में उसकी कोई भूमिका नहीं है। उसने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी से संरक्षण देने का अनुरोध किया था।
हल्द्वानी के एक बुजुर्ग कारोबारी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि महिला ने उसे हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल किया और उससे करोड़ों रुपये की मांग की। कारोबारी का आरोप है कि महिला ने उसकी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलने का प्रयास किया और उसकी संपत्ति पर भी अवैध रूप से कब्जा कर लिया।
कारोबारी ने अपनी जान और संपत्ति को खतरा बताते हुए नैनीताल के एसएसपी से शिकायत करके आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बाद आरोपी महिला ने हाईकोर्ट में याचिका दायर करके एफआईआर को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर पुलिस को जांच आगे बढ़ाने का रास्ता साफ कर दिया है।