कहीं भूकंप से दरकी स्कूल की इमारत तो कहीं गैस रिसाव, आठ तहसीलों में एक साथ हुई वृहद मॉक ड्रिल

कहीं भूकंप से दरकी स्कूल की इमारत तो कहीं गैस रिसाव, आठ तहसीलों में एक साथ हुई वृहद मॉक ड्रिल

रुद्रपुर। प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को ऊधमसिंह नगर की सभी आठ तहसीलों में एक साथ वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें भूकंप, सड़क दुर्घटना, औद्योगिक गैस रिसाव, अस्पताल में आग, पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, वनाग्नि और मानव-हाथी संघर्ष जैसी आपात स्थितियों का अभ्यास किया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, वन और अन्य विभागों की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न घटनाओं में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आग पर काबू पाने की कार्रवाई की गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से सूचनाएं मिलते ही संबंधित तहसील कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए। इस दौरान विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय को परखा गया। अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और समय पर राहत पहुंचाना है।

मॉक ड्रिल के तहत किच्छा में घने कोहरे के कारण तीन से चार ऑटो की टक्कर का परिदृश्य बनाया गया। इसमें दो से तीन लोगों के घायल होने पर उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी किच्छा पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर यातायात को नियंत्रित किया और घायलों को तुरंत उपचार दिलाया। इस अभ्यास से यह परखा गया कि कोहरे के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में टीमें कितनी जल्दी प्रतिक्रिया देती हैं।

रुद्रपुर में संजय वन के पास आबादी क्षेत्र में हाथियों के घुसने और एक ग्रामीण के घायल होने की स्थिति बनाई गई। वन विभाग और अन्य टीमों ने ग्रामीणों को सतर्क कर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने का अभ्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों को समझाया गया कि हाथी दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और वन विभाग को सूचना दें। टीम ने घायल ग्रामीण को अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास किया।

खटीमा की ईस्टर इंडस्ट्रीज में अमोनिया गैस रिसाव की स्थिति में 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और दो घायल कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही फैक्ट्री में सायरन बजा और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। एनडीआरएफ और अग्निशमन की टीमों ने विशेष उपकरणों की मदद से गैस रिसाव पर काबू पाने का अभ्यास किया।

काशीपुर के एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के एनआईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का परिदृश्य बनाया गया। अग्निशमन टीम ने आग पर काबू पाकर दो नवजात शिशुओं को सुरक्षित निकालकर अस्थायी एनआईसीयू में शिफ्ट कराया। अस्पताल के स्टाफ ने मरीजों को सुरक्षित निकालने और आग से बचाव के उपायों का अभ्यास किया। इस अभ्यास से अस्पतालों में आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों को परखा गया।

खटीमा की सुरई वन रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में वनाग्नि की स्थिति में वन विभाग के 32 कर्मचारियों, एनडीआरएफ के 22 जवानों और अन्य टीमों ने आग बुझाने का अभ्यास किया। इस दौरान आग की चपेट में आए चार लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई। वन विभाग की टीम ने आग को फैलने से रोकने के लिए फायर लाइन बनाने का भी अभ्यास किया।

वहीं, जसपुर की लकड़ी मंडी स्थित गोदाम में आग लगने की सूचना पर अग्निशमन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मोर्चा संभाला। यहां पांच घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया। टीमों ने आग पर काबू पाने के साथ ही आसपास के गोदामों को आग से बचाने का भी अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार ने जिले के इंसिडेंट कमांडर की भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्रवाई और आपसी समन्वय की निगरानी की। इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कांडपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान सामने आई कमियों को दूर किया जाएगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को हमेशा तैयार रहना चाहिए और आम लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *