क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगी के 3 मामले और दर्ज हुए, पीड़ितों ने लाखों की ठगी का आरोप लगाया, एसडीएम के मध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन पत्र।
खटीमा तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों के थारू जनजाति समाज के चार लोगों ने खटीमा निवासी एक व्यक्ति पर वन क्वाईन प्लान के नाम पर गरीबी दूर करने के लिए कम पैसा लगाकर बहुत कम समय में कई गुना पैसा कमाने का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी और ठगी करने का आरोप लगाते हुए उप जिलाधिकारी रविंद्र सिंह बिष्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक शिकायती पत्र प्रेषित कर उक्त व्यक्ति से अपनी रकम वापस दिलाने तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायती पत्र के मुताबिक ग्राम चांदा निवासी ऋषि पाल सिंह, नदन्ना निवासी दिनेश सिंह राणा, पहेनिया निवासी श्रीकृष्ण सिंह तथा बिगराबाग निवासी अमित सिंह राणा ने उक्त व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति ने विगत 7 वर्ष पूर्व अपनी दुकान पर बुलाकर वन क्वाईन प्लान में थोड़ा पैसा लगाकर 6 माह में विभिन्न पैकेज के अनुसार कई गुना पैसा कमाकर गरीबी दूर करने की बात बताई गई।
साथ ही उसके द्वारा कहा गया कि इस प्लान के बारे में किसी गैर थारू समाज को ना बताया जाए नहीं तो गैर थारू समाज के लोग पहले आकर शेर खरीद कर अमीर बन जाएंगे। उसके द्वारा बताया गया कि थारू समाज के लोगों को ही इस प्लान के तहत अमीर बनाना है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि इस प्रकार की ठगी का कार्य उसके द्वारा जोरों पर किया जा रहा है और कई लोग उसकी ठगी का शिकार हो चुके हैं।
वहीं शिकायती पत्र के अनुसार ऋषिपाल सिंह से 65 हजार, दिनेश सिंह राणा से 1 लाख 60 हजार रुपए, श्रीकृष्ण सिंह से एक लाख साठ हजार रुपए तथा अमित सिंह राणा से 12 हजार रुपए उक्त व्यक्ति द्वारा झांसा देकर ले लिया गया है। वही ठगी के शिकार पीड़ितो ने मुख्यमंत्री को एक शिकायती पत्र भेज कर ठगी के आरोपी व्यक्ति से अपनी रकम वापस दिलाने तथा उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
