उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने 10 समूहों को बांटा 28 लाख 50 हजार का ऋण,
खटीमा के झनकट उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की शाखा द्वारा बुधवार को खटीमा खंड विकास अधिकारी नवीन चंद्र उपाध्याय के मुख्य आतिथ्य में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां क्लस्टर के 10 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बैंक द्वारा 28 लाख 50 हजार की ऋण राशि का चेक वितरण किया गया।
वहीं शाखा प्रबंधक अमोल वासे और सहायक शाखा प्रबंधक स्वाति दुआ ने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने, उनको स्वरोजगार से जोड़ने हेतु व प्रोत्साहित करने के लिए समूह ऋण वितरण किया गया है।
वहीं कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र रुद्रपुर से पहुंचे संजय भट्ट ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के बारे में महिलाओं को विस्तृत रूप से जानकारी दी तथा ऋण आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी समूह की महिलाओं को बताया। इस अवसर पर उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के शाखा अधिकारी पियूष उपाध्याय, मुकुल और आनंद कुमार आदि मौजूद रहे।