Khatima: खड़ी फसल को नष्ट करने के मामले में पीड़ित पक्ष ने करी प्रेस वार्ता…
उधम सिंह नगर खटीमा: बीते दिनों विकासखंड के ग्राम दमगड़ा में लगभग 125 एकड़ भूमि पर खड़ी फसल को ट्रैक्टरों के द्वारा जोत कर नष्ट करने के मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़ित पक्ष युवराज तलवार, अभिमन्यु तलवार के साथ भू स्वामी हरि सिंह चौहान, त्रिलोक सिंह रावत, अमरीक सिंह, निर्मल सिंह आदि ने प्रेस वार्ता के माध्यम से बताया कि उनके खेतों में खड़ी गेहूं, मटर, सरसों, गन्ने आदि की फसल को भू माफिया कश्मीर सिंह एवं बलविंदर सिंह उर्फ काला के द्वारा 25 से 30 ट्रैक्टर की मदद से जोत कर नष्ट कर दिया गया। वहीं कुछ लोगों के द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से उक्त भूमि को अपना बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
जबकि वह लोग ना तो पहले और ना ही वर्तमान में गांव में निवास करते हैं और ना ही उक्त भूमि पर उनका कभी कब्जा जा रहा है। उक्त भूमि पिछले लगभग 60 वर्षों से तलवार फैमिली के पास रही है। जिस पर उनके द्वारा लगातार खेती की जाती रही है। वहीं निर्मल सिंह के द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा भूमि मुख्य अटॉर्नी के जरिए चेक के माध्यम से भुगतान कर भूमि क्रिया की गई है। उक्त भूमि पर कभी भी कथित भू स्वामी सी.के. आनंद सुनील भटनागर, अनिल भटनागर एवं भाटिया परिवार का कब्जा नहीं रहा है।
हालांकि भू माफियाओ ने सामने से निर्मल सिंह से 25 एकड़ भूमि फिरौती के रूप में मांगी गई है। इसके साक्ष्य स्वरूप उक्त मांग का वीडियो निर्मल सिंह के द्वारा प्रेस वार्ता में सांझा किया गया। पीड़ित पक्ष में बताया कि उक्त भूमि से संबंधित विभिन्न मामले उच्च न्यायालय में विचाराधीन है साथ ही उनके द्वारा भूमाफियाओं के खिलाफ सरकार एवं प्रशासन से शिकायत भी दर्ज कराई गई है। अगर उन्हें न्याय नहीं मिलता है तो वह अपने परिवार के साथ जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगे।