खटीमा । खेतलसंडा मुस्ताजर निवासी युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के विरुद्ध केस दर्ज किया है। मृतक के भाई ने तहरीर में आरोपी युवक पर उसके भाई को ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है।
ओमान में नौकरी करने वाला खेतलसंडा मुस्ताजर निवासी गौरव कुमार आठ मई को घर आया था। पांच दिन बाद उसका शव घर में फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने बिना पुलिस को बताए अंतिम संस्कार कर दिया।
मामले के सोशल मीडिया में सुर्खियों में आने के बाद मृतक के भाई संजय कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। उसके अनुसार 13 मई को उसकी बुआ के बेटे का फोन आया कि उसके भाई गौरव कुमार की मौत हो गई है।उसकी मृत्यु स्वाभाविक समझकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुछ दिन बाद ओमान से उसके भाई के साथ काम करने वाले साथियों ने बताया कि उसके भाई गौरव से पैसे मांगे जा रहे थे। इस पर उन्होंने भाई का मोबाइल चेक किया तो उसमें व्हाट्सएप से बार-बार पैसों की डिमांड की गई थी।
उन्हें संदेह हुआ कि उनके भाई को दीपक बोरा नामक व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। इसके चलते उनके भाई गौरव ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दीपक बोरा के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।