रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक किशोरी को शादी का झांसा देकर दो साल तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी अंकित मिस्त्री पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है|
ट्रांजिट कैंप थाने में क्षेत्र की एक महिला ने बृहस्पतिवार को तहरीर देकर कहा कि उनकी नाबालिग बेटी से अंकित मिस्त्री निवासी रतन फार्म नंबर दो शक्तिफार्म, सितारगंज ने दो साल पहले फेसबुक से संपर्क किया था। इसके बाद बेटी को शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी की ओर से बेटी के वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। उसने पुलिस में शिकायत करने पर बेटी को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने धारा 64(1)/351(2) बीएनएनएस, 5/6 पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर टीम ने अभियुक्त अंकित मिस्त्री को रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही की जा रही है|