रणजीत सिंह नामधारी ने उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पद का संभाला कार्यभार
राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त नामधारी ने कहा – पशु कल्याण योजनाओं को देंगे नई दिशा
देहरादून: उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड
उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त रणजीत सिंह नामधारी ने आज देहरादून स्थित बोर्ड कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नामधारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मुझ पर जो दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ करूंगा। राज्य सरकार के मार्गदर्शन में पशु संरक्षण, पशु क्रूरता निवारण और निराश्रित पशुओं के कल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी।

पशु कल्याण को मिलेगी नई गति
नामधारी ने कहा कि उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड पशु आश्रय गृहों के सुदृढ़ीकरण और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पशु प्रेमियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से प्रदेश में पशु कल्याण की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा।
बोर्ड व गौसेवा आयोग ने किया स्वागत
इस अवसर पर उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड के संयुक्त निदेशक डॉ. अशोक लीलाधर बिष्ट एवं समस्त स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मोगा ने भी श्री नामधारी का बोर्ड में अभिनंदन किया, कार्यक्रम में उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अंथवाल भी उपस्थित रहे और उन्होंने नवनियुक्त उपाध्यक्ष को शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर कुलतर सिंह नामधारी, एडवोकेट बलजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, सतनाम सिंह, ग्राम प्रधान हरदेव सिंह, गुरप्रीत सिंह, सुखदेव सिंह, ग्राम प्रधान मनीष राणा, राकेश कुमार, ग्राम प्रधान किशन सिंह कार्की, रामपाल सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में समर्थक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
