दर्जा राज्य मंत्री संतोष गौरव के कैंप कार्यालय का हुआ उद्घाटन
सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में सहायक होगा कैंप कार्यालय: रमेश जोशी
मुख्य चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री संतोष गौरव के कैंप कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दर्जा राज्य मंत्री संतोष गौरव का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कैंप कार्यालय खुलने से सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की समस्याओं के समाधान में आसानी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि संतोष गौरव प्रदेश के समस्त सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके निराकरण के लिए प्रभावी प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि संतोष गौरव मुख्यमंत्री द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी पर खरा उतरेंगे।
वहीं दर्जा राज्य मंत्री संतोष गौरव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक छोटे कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपकर मुख्यमंत्री ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सफाई कर्मचारियों की अनेक समस्याओं का समाधान किए जाने से कर्मचारियों में खुशी है। शेष समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है। संतोष गौरव ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश के सफाई कर्मचारियों का समर्थन भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा, जिससे पार्टी और अधिक मजबूत होगी। इस मौके पर दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी मोहिनी पोखरिया किशन सिंह कन्ना, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडे, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष जीवन धामी, नीता सक्सेना, रवीश भटनागर, सतीश भट्ट, हिमांशु बिष्ट, असलम अंसारी, नफीस अंसारी, अनिल कुमार, सुभाष कुमार, नीरज सक्सेना, ग्रेस देवी, गिल्लो देवी, ममता तथा विनीता देवी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।