जिपं अध्यक्ष मौर्य ने छठ घाट पर विकास कार्यों किया का निरीक्षण, समय पर पूरा करने के निर्देश
आगामी छठ महापर्व को देखते हुए जिला पंचायत की ओर से खटीमा स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ घाट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान घाट परिसर में साफ-सफाई, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अजय मौर्य ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है। इसे देखते हुए घाट की स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने और पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान जितेंद्र सिंह, एसपी सिंह, नारायण सिंह, नरेश सिंह, सुनील रैदानी, उदय प्रताप सिंह, अखिलेश सिन्हा, विनोद सिंह, सतीश मौर्य, राशीद अंसारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।