10 हजार के लेनदेन में साथी की हत्या, कर्णप्रयाग पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा
महज 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कर्णप्रयाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। 15 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना मिली कि ग्राम सेमी में दो व्यक्तियों में झगड़ा हो रहा है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची तो पानी की टंकी के पास सुमित कुमार पुत्र सौनाथ, निवासी कलापुर बुजुर्ग, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर (उ.प्र.), उम्र 28 वर्ष अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें थीं। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने बताया कि सुनील कुमार ने डंडे से हमला कर उसे घायल किया है और फरार हो गया है। पुलिस घायल को तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी कर आरोपी सुनील कुमार को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। मृतक के भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मु.अ.सं. 35/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास दो खच्चर हैं और वह पिछले 15-20 दिनों से मृतक सुमित के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। इसी को लेकर 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद वह ग्राम सेमी स्थित सुमित के डेरे पर पहुंचा और झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास रखे बांस के डंडे से सुमित के सिर पर वार कर दिया और गिरने के बाद भी लगातार पीटता रहा। बीच-बचाव करने आए साथी अशोक कुमार को धमकाकर भगा दिया और मौके से फरार हो गया। अशोक की सूचना पर ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद किए हैं।
आरोपी सुनील कुमार पुत्र हयात राम, निवासी ग्राम गोठिंडा जूनिधार, पोस्ट चेपड़ो, थाना थराली, जिला चमोली, उम्र 28 वर्ष को 16 अक्टूबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के समक्ष पेश कर जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल, व.उ.नि. संजय सिंह नेगी, उ.नि. मानवेन्द्र गुसाईं, उ.नि. जय सिंह राणा, उ.नि. वीरपाल नेगी, हे.कां. प्रकाश कंडवाल, राकेश पोखरियाल, सतीश गुसाईं, दर्शन और कां. संतोष चौहान शामिल रहे।