नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूरे होने पर नवजुलिया में कार्यक्रम आयोजित, 38 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
पीलीभीत/कलीनगर। इंडो-नेपाल सीमा से सटे सीमावर्ती क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल की ओर से सामाजिक जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। मंगलवार को सीमा चौकी संख्या-17 के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवजुलिया स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के दौरान एसएसबी जवानों, विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।वहीं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला गया। छात्र-छात्राओं को बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में एसएसबी निरीक्षक सोबत सिंह सहित अन्य जवान, विद्यालय के प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार, शिक्षकगण और 38 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।एसएसबी की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना तथा शिक्षा और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। एसएसबी की इस पहल को सीमावर्ती क्षेत्र में सामाजिक बदलाव और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।