बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण पर एसआईटी ने 300 पन्नों की रिपोर्ट शासन को भेजी

बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी प्रकरण पर एसआईटी ने 300 पन्नों की रिपोर्ट शासन को भेजी

बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की रखवाली में कहां चूक हुई और आखिर किसकी जिम्मेदारी थी? करीब पांच माह तक चली जांच के बाद एसआईटी ने अब 300 पन्नों की रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। इस रिपोर्ट में मंदिर प्रबंधन की खामियों के साथ ही पूरा सिस्टम सुधारने के सुझाव भी शामिल हैं।

बदरीनाथ में इसी साल दो जुलाई को ‘थाली भेंट’ यानी चढ़ावे में हेरफेर का मामला खुला। इसके बाद सरकार ने एसआईटी गठित की। पुलिस भी अलग से जांच में जुटी। मुकदमा होने के बाद आरोपों में घिरे बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल और राजेंद्र चौहान को 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। राजेंद्र पूर्व मंदिर अधिकारी थे, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे।

20 से अधिक लोगों के बयान, फुटेज की जांच
गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप के नेतृत्व वाली तीन सदस्यीय एसआईटी ने बीकेटीसी के अफसर-कर्मचारियों समेत 20 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले और डिजिटल साक्ष्यों की जांच-पड़ताल के लिए विशेषज्ञों की मदद ली। एसआईटी ने केवल बदरीनाथ तक दायरा सीमित नहीं रखा। उत्तर-दक्षिण भारत के 14 बड़े मंदिरों के ऐक्ट, प्रबंधन व्यवस्था, चढ़ावे की गिनती और सुरक्षा इंतजाम का भी अध्ययन किया गया।

व्यवस्थाओं में सुधार के सुझाव भी
इन मंदिरों में अपनाए जा रहे सिस्टम के आधार पर बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं में सुधार के सुझाव भी दिए। एसआईटी ने देश के प्रमुख मंदिरों में दर्शन की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया, बायोमेट्रिक टोकन, आरएफआईडी बैंड, श्रद्धालुओं की कतारों को नियंत्रित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई आधारित अत्याधुनिक कैमरों के इस्तेमाल जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया। एसआईटी की यह जांच रिपोर्ट मुख्य सचिव और सचिव-पर्यटन को भेज दी गई है।

चढ़ावे में लंबे वक्त से नहीं, कुछ समय में ही हुआ खेल
एसआईटी की रिपोर्ट में बीकेटीसी की प्रबंधन व्यवस्था में खामियों का उल्लेख है। बदरीनाथ मंदिर के ऐक्ट में स्पष्ट प्रावधान है कि दान की धनराशि देवता की है, जबकि प्रबंधन और देखरेख की जिम्मेदारी बीकेटीसी की है। इस रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया गया कि चढ़ावे में हेराफेरी लंबे समय से नहीं हो रही थी, बल्कि कुछ ही समय के अंतराल में पूरा खेल किया गया था।

बीकेटीसी की आंतरिक व्यवस्था भी जांची गई
एसआईटी ने चढ़ावे की गिनती में कथित गड़बड़ी के बाद बीकेटीसी की आंतरिक व्यवस्था को भी जांचा। रोज ड्यूटी पर तैनात होने वाले कर्मचारियों के नाम, उनके आने-जाने का समय, सीसीटीवी की पूरी निगरानी व्यवस्था, दफ्तर खुलने और बंद होने के समय जैसे बिंदुओं को शामिल किया गया। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों का भी मिलान किया गया।

बड़े मंदिरों में प्रबंधन का जिम्मा विशेषज्ञों के पास
एसआईटी ने देश के बड़े मंदिरों में संस्थागत व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया। तिरुपति में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम, वैष्णो देवी के लिए श्राइन बोर्ड, काशी विश्वनाथ में मंदिर न्यास है। इनके प्रमुख आईएएस अफसर होते हैं। आईटी, सुरक्षा, स्वच्छता और जनसंपर्क जैसे विभागों के माध्यम से व्यवस्थाएं संचालित होती हैं।

गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि इस प्रकरण की जांच पूरी हो चुकी है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए सरकार ने सुझाव मांगे थे। जांच समिति ने देश के बड़े मंदिरों के प्रबंधन, दान सामग्री की गिनती की सुरक्षा व्यवस्था का भी अध्ययन किया। महत्वपूर्ण सुझाव शासन को रिपोर्ट संग भेजे हैं।

कहीं कांच की दीवारों में गिनती, कहीं 360 डिग्री कैमरों से निगरानी
एसआईटी ने देश के जिन बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया, वहां चढ़ावे की गिनती से लेकर सुरक्षा और बैंक खाते में जमा करने तक के इंतजामों को समझा। इस आधार पर बदरीनाथ के लिए यह सुझाव रिपोर्ट में शामिल किए गए –

1. कांच की दीवारों वाला गिनती कक्ष: तिरुपति जैसे मंदिरों में चढ़ावे की गिनती के लिए विशेष हॉल हैं। यहां कांच की दीवारें होती हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया बाहर से भी देखी जा सके।

2. 360 डिग्री कैमरों से निगरानी: बड़े मंदिरों में गिनती कक्ष के हर कोने पर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाती है। कंट्रोल रूम से सुरक्षा अधिकारी हर गतिविधि की लाइव निगरानी करते हैं।

3. बिना जेब वाले कपड़े और सख्त तलाशी: देश के प्रमुख मंदिरों में गिनती में शामिल कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले कपड़ों की व्यवस्था भी है। परिसर में प्रवेश और बाहर निकलते समय मेटल डिटेक्टर, सुरक्षाकर्मियों से तलाशी जैसे इंतजाम भी शामिल हैं।

4. मशीनों से नगदी की गिनती: नोटों की गिनती, छंटाई और नकली नोटों की पहचान के लिए हाई-स्पीड काउंटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है। इस प्रक्रिया में सरकारी या निजी बैंकों के अफसरों की मौजूदगी रहती है।

5. सोने-चांदी और विदेशी करेंसी का अलग प्रबंधन: दान में मिलने वाले सोने-चांदी के आभूषणों का वजन और शुद्धता जांचने के लिए सरकारी ज्वैलर्स की व्यवस्था एवं विदेशी करेंसी बदलने को अलग डेस्क जैसे इंतजाम का भी अध्ययन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *