हल्द्वानी में 10वीं के छात्र की मौत ने झकझोरा, सुसाइड नोट में लिखा- मम्मी-पापा आप बहुत अच्छे हैं
हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा में डॉक्टर दंपति के 15 वर्षीय बेटे की मौत की खबर से पूरे शहर में शोक की लहर है। बिड़ला स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ने वाला रुद्र गुरुवार शाम अपने घर में मृत अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुखानी पुलिस को मौके से अंग्रेजी में लिखा दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। नोट में रुद्र ने माता-पिता के प्रति गहरा प्रेम जताया है। उसने लिखा है कि उसके मम्मी-पापा बहुत अच्छे हैं और उसे उनसे कोई शिकायत नहीं है। उसने यह भी लिखा कि शायद वह यह बात कभी कह नहीं पाया, लेकिन वह उनसे बहुत प्यार करता है।
नोट में रुद्र ने अपनी मानसिक परेशानी का जिक्र किया है। उसने लिखा है कि पिछले कई महीनों से वह भावनात्मक रूप से परेशान था। वह खुद को और अपने मन को संभालने की कोशिश करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो पाया। उसने लिखा कि अब चीजें उसके नियंत्रण से बाहर हो गई हैं और वह अब और नहीं लड़ पा रहा है।
सबसे अहम बात यह है कि रुद्र ने नोट में साफ लिखा है कि उसके इस कदम के लिए किसी इंसान, परीक्षा या किसी दूसरी चीज को जिम्मेदार न ठहराया जाए। उसने लिखा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी उसकी अपनी मानसिक परेशानी की है। उसने परिवार के सदस्यों से एक-दूसरे को या किसी और को दोष न देने की अपील भी की है।
नोट में उसने अपने बड़े भाई को भी याद किया है। साथ बिताए समय और भाई की ओर से मिली मदद के लिए उसने आभार जताया है। दादा-दादी के लिए उसने उनकी सेहत ठीक रहने और हमेशा खुश रहने की कामना की है।
रुद्र के पिता डॉ. मनोज कांडपाल पूर्व में नगर स्वास्थ्य अधिकारी रह चुके हैं और वर्तमान में जिला सर्विलांस अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी डॉ. ऐश्वर्या कांडपाल महिला अस्पताल हल्द्वानी में वरिष्ठ महिला चिकित्सा अधिकारी हैं। परिवार मूल रूप से शांतिपुरी का रहने वाला है। रुद्र का बड़ा भाई भी बिड़ला स्कूल में ही कक्षा 12 का छात्र है।
स्कूल के शिक्षकों के अनुसार रुद्र बेहद मिलनसार छात्र था। वह पढ़ाई के साथ-साथ एथलेटिक्स में भी अच्छा प्रदर्शन करता था। बुधवार को वह रोज की तरह स्कूल आया था, कक्षा में बैठा और पढ़ाई की। गुरुवार को वह स्कूल नहीं आया था। शिक्षकों को भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रुद्र किस तरह की परेशानी से जूझ रहा था? कई महीनों से चल रही भावनात्मक परेशानी की वजह क्या थी? वह कौन सी बात थी जो उसके नियंत्रण से बाहर हो गई? पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और परिवार के बयान भी लिए जा रहे हैं।
मनोचिकित्सकों का कहना है कि किशोरावस्था में बच्चे कई बार अपनी परेशानी खुलकर बता नहीं पाते। वे अंदर ही अंदर घुटते रहते हैं। ऐसे में माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों को बच्चों के व्यवहार में आए बदलाव पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। लंबे समय तक उदास रहना, अकेले रहना पसंद करना, नींद या भूख में बदलाव, पढ़ाई में अचानक अरुचि और खुद को सबसे अलग कर लेना, ये कुछ ऐसे संकेत हो सकते हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर कोई बच्चा या किशोर परेशान दिखे तो उसे डांटने या हल्के में लेने के बजाय धैर्य से सुनना चाहिए। उसे यह भरोसा दिलाना चाहिए कि उसकी बात को समझा जाएगा और उसकी मदद की जाएगी। जरूरत पड़ने पर किसी मनोचिकित्सक या काउंसलर से सलाह लेना भी उतना ही सामान्य है, जितना किसी शारीरिक बीमारी के लिए डॉक्टर के पास जाना।
रुद्र की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मचा है। रिश्तेदारों और परिचितों का घर पर आने का सिलसिला जारी है। स्कूल में भी उसके सहपाठी और शिक्षक गमगीन हैं।
मानसिक परेशानी में हैं तो मदद लें: अगर आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, उदासी या नकारात्मक विचारों से जूझ रहा है तो अकेले न रहें। किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें और डॉक्टर से सलाह लें। आप टेली मानस हेल्पलाइन 14416 या 1800-891-4416 पर भी संपर्क कर सकते हैं।