उधम सिंह नगर (रुद्रपुर खटीमा) प्री मानसून के चलते तराई में 2.6 मिमी बारिश हुई। रविवार सुबह हुई बारिश के बीच हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया। दोपहर में हल्की धूप निकलने से एक बार फिर लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
तराई में प्री मानसून के चलते रविवार की सुबह लगभग नौ बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। हालांकि इस दौरान तेज बारिश तो नहीं हुई पर करीब आधे घंटे तक बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई। इसके चलते तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 34.5 पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान में मात्र 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि 18 तक प्री मानसून बना रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 25 जून तक मानसून के आने के आसार हैं|
काशीपुर/बाजपुर/केलाखेड़ा। भीषण गर्मी के बीच रविवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे शुरू हुई बारिश लगभग 10 बजे थमी। इससे मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली, लेकिन लगभग 12 बजे से धूप निकलने के बाद मौसम में उमस बढ़ गई। बारिश होने से सुबह के समय सड़कें सुनसान नजर आईं। इस दौरान कई स्थानों पर मामूली जलभराव हुआ। वहीं बाजपुर में सुबह से दोपहर 12 बजे तक रुक-रुक कर बारिश हुई। जल्दी मानसून आने की संभावना के चलते क्षेत्रीय किसानों के चेहरे खिल उठे। इधर केलाखेड़ा में कई मार्गों पर कीचड़ होने से लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा, खटीमा में छह मिमी बारिश हुई|