रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को लोगों के विरोध के चलते काम रोकना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बढ़े हुए बिजली बिलों का हवाला देते हुए मीटर लगाने का विरोध किया।
रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा क्षेत्र में सोमवार को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इसके चलते स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही। सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने टीम को खरीखोटी सुनाई। इस पर मीटर लगाने का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा और बाद में जिसके बाद टीम लौट गई।
ऊर्जा विभाग की टीम संजय नगर खेड़ा में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंची थी। जैसे ही टीम ने कुछ घरों में मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की। स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों और तमाम कांग्रेसियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने टीम का घेराव किया और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। पूर्व विधायक ने मौके पर मौजूद टीम को खरी-खोटी सुनाते हुए काम बंद करने की चेतावनी दी।
पूर्व विधायक ठुकराल ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम आदमी का शोषण करने का एक जरिया हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये मीटर इतने ही बेहतर हैं तो पहले इन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के घरों पर क्यों नहीं लगाया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि गरीब बस्तियों को निशाना बनाकर जबरन ये मीटर बदले जा रहे हैं जबकि आम जनता की लगातार शिकायतें हैं कि नए स्मार्ट मीटरों में बिल पहले की तुलना में बहुत अधिक आ रहा है। प्रदर्शनकारियों में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, पार्षद सौरभ बेहड़, विकास मल्लिक, रमेन विश्वास, रंजीत तिवारी, तरुण विश्वास, सुधांशु बढ़ाई, कृष्णपद राय, आसित बाला, गोपाल गोलदार और धनंजय आदि मौजूद रहे।
