आगरा में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ननद पर विवाहिता के बाथरूम में हिडन कैमरा लगाकर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर न्यू आगरा थाने में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक पति ने अपनी ही पत्नी के बाथरूम में हिडन कैमरे लगवा दिए। इस कृत्य में विवाहिता की ननद ने भी सहयोग किया। उससे रिकॉर्डिंग करने के बाद विवाहिता को ब्लैकमेल करने लगे। थाना न्यू आगरा में प्राथमिकी दर्ज हुई है। पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी की शादी 26 नवंबर 2025 को शमसाबाद रोड निवासी युवक से की थी। ससुराल वालों ने युवक की हैदराबाद में मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी बताई थी। शादी में करीब एक करोड़ रुपया खर्चा किया था। आरोप है कि शादी के बाद सास-ससुर और ननद ने 21 लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी।
पति और ननद ने कमरे व बाथरूम में कैमरे लगाकर वीडियो रिकॉर्डिंग की और बेटी को ब्लैकमेल किया। बेटी को पति के मोबाइल पर सास और ननद के साथ मिलकर उसके साथ गलत करने की साजिश के साक्ष्य मिले। 15 फरवरी 2026 को मारपीट से बेटी का गर्भपात हो गया। थाना अध्यक्ष न्यू आगरा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।
