Khatima: यूकेडी में फूंका चुनावी बिगुल, स्थानीय मुद्दों पर जनसंपर्क तेज रोहित भट्ट ने ठोकी दावेदारी, बोले— जल, जंगल, जमीन, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर लड़ेंगे चुनाव
यूकेडी ने खटीमा में फूंका चुनावी बिगुल, स्थानीय मुद्दों पर जनसंपर्क तेज
रोहित भट्ट ने ठोकी दावेदारी, बोले— जल, जंगल, जमीन, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर लड़ेंगे चुनाव
उधम सिंह नगर खटीमा। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर खटीमा में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी ने कहा कि पार्टी स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि खटीमा विधानसभा से रोहित भट्ट ने प्रबल दावेदारी पेश की है और वे क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
संभावित प्रत्याशी रोहित भट्ट ने कहा कि यूकेडी इस बार जल, जंगल, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, रोजगार और किसानों की समस्याओं को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाएगी। उन्होंने कहा कि खटीमा में बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता न मिलना गंभीर चिंता का विषय है। यदि जनता अवसर देती है तो वे क्षेत्र के समग्र विकास और स्थानीय अधिकारों की मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।
जिलाध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में यूकेडी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, लेकिन राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी जनता की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय दल स्थानीय समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं, जबकि यूकेडी भू-कानून, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठा रही है। प्रेस वार्ता में यूकेडी नेताओं ने दावा किया कि पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उनका कहना है, कि इस बार प्रदेश की जनता स्थानीय मुद्दों और क्षेत्रीय विकल्प को गंभीरता से देख रही है तथा यूकेडी बदलाव का मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है। इस दौरान हरीश फुलैरा, शिवलाल रस्तोगी, कैलाश भट्ट आदि उपस्थित रहे।