Khatima: हरेला पर देवरी में पर्यावरण का संकल्प, सैकड़ों पौधों का वितरण, एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़े ग्रामीण, दरिया नाथ मंदिर परिसर में हुआ पौधरोपण
हरेला पर देवरी में पर्यावरण का संकल्प, सैकड़ों पौधों का वितरण, एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़े ग्रामीण, दरिया नाथ मंदिर परिसर में हुआ पौधरोपण।
खटीमा। लोकपर्व हरेला के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प समिति ने बुधवार को देवरी गांव स्थित दरिया नाथ मंदिर परिसर में पौध वितरण एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक व्यक्ति, एक पौधा’ अभियान के तहत ग्रामीणों को सैकड़ों पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान देवरी भागीरथ राणा, ग्राम प्रधान निशांत सिंह गांगी तथा जिला पंचायत सदस्य रीता कपालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को पौधे वितरित करते हुए उन्हें पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा मौजूद रहे। सभी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी प्रतीक है। ग्राम प्रधान भागीरथ राणा ने कहा कि देवरी गांव को आदर्श हरित ग्राम बनाने के लिए प्रत्येक परिवार को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। जिला पंचायत सदस्य रीता कपालिया ने ग्रामीणों से पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने गांव को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।