खटीमा में धूमधाम व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर। आजादी का महापर्व स्वतंत्रता दिवस खटीमा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण कर देश की एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लिया गया।
इस दौरान भारत माता के जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा। क्षेत्र के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के साथ ही तहसील, कोतवाली, वन विभाग, विकासखंड, जल संस्थान, नगर पालिका, बैंक, कृषि विभाग सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में संस्था प्रमुखों ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।

खटीमा उत्तराखंड ग्रामीण बैंक कंजाबाग शाखा प्रबंधक नितिन ध्यानी के नेतृत्व में समस्त कर्मचारियों की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विधि विधान से बैंक परिसर में ध्वजारोहण किया गया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरियां निकालकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया गया। वक्ताओं ने देश की आजादी के लिए वीर सपूतों द्वारा किए गए संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान को सदैव स्मरण रखने का आह्वान किया।
वहीं शहीद स्मारक स्थल सहित विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। वहीं तहसील परिसर में एसडीएम तुषार सैनी ने ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही उन्होंने समस्त क्षेत्र वासियों, प्रदेश वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी तथा राष्ट्र निर्माण व राष्ट्रहित में सहयोग की अपील की।
