उधम सिंह नगर: खटीमा के बग्घा चौवन में बाघ ने एक युवक पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूझ बूझ से युवक की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत के मारे दुबक गए। शुक्रवार को ग्राम बग्गा चौवन निवासी ईश्वर सिंह बिष्ट(17) पुत्र खुशाल सिंह बिष्ट दोपहर के समय न्यूरिया बाजार से लौट रहा था। जब वह बग्गा सरपुडा मार्ग सुरई रेंज के कम्पार्ट संख्या 47-56 के पास पहुंचा ही था।

मार्ग पर घात लगाकर बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींच कर ले जाने लगा।युवक की चीख पुकार सुनकर पीछे कुछ दूरी पर चल रहे अन्य राहगीरों ने सूझ बूझ दिखाई और बाघ के चंगुल से युवक को छुड़ाया। बाघ युवक को छोड़कर घने जंगल में चला गया। राहगीरों ने तत्काल बग्गा वन चौकी को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा राजू दास ने राहगीरों की सहायता से घायल को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
युवक के सिर में गहरा घाव है । घटना की सूचना मिलते ही सुरई वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह मनराल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों से जानकारी ली। रेंजर मनराल ने बताया कि मौके पर वन विभाग की टीम तैनात कर दी गई है और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। रेंजर मनराल ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की। इस दौरान टीम में डिप्टी रेंजर सुंदरलाल वर्मा, राजू दास, राहुल कुमार, सुखविंदर सिंह आदि मौजूद थे।