नवरात्र पर खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन, टनकपुर में दुकानों का औचक निरीक्षण

नवरात्र पर खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन, टनकपुर में दुकानों का औचक निरीक्षण

शारदीय नवरात्र के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आयुक्त एफडीए उत्तराखंड और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर विभाग की टीम ने टनकपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और 5 नमूने जांच के लिए भेजे।

नवरात्र में व्रत सामग्री की मांग बढ़ने के साथ ही विभाग सक्रिय हो गया है। टीम ने व्रत में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान में कुट्टू का आटा बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं मिला, लेकिन कुट्टू की गिरी, सेंधा नमक, पोहा और तेल समेत कुल पांच नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने टनकपुर और बनबसा के किराना व्यापारियों को एडवाइजरी जारी की है। इसमें कुट्टू का आटा केवल सीलबंद पैकेट में बेचने, पैकेट पर निर्माण व एक्सपायरी तिथि, निर्माता का पूरा पता और एफएसएसएआई लाइसेंस संख्या अंकित होने की जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सामग्री को स्वच्छ व ढककर रखने, पक्का बिल देने और एक्सपायरी सामग्री की बिक्री न करने के निर्देश दिए गए, विभाग ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी और सहायक दिनेश फर्त्याल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *