खटीमा महाविद्यालय की सड़क मरम्मत के लिए छात्रसंघ ने सौंपा ज्ञापन
खटीमा महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष धीरज कन्याल ने नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी से शिष्टाचार भेंट कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महाविद्यालय की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत, नालियों की सफाई व मरम्मत, परिसर में कीटनाशक छिड़काव और कॉलेज के आसपास स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई।

ज्ञापन का त्वरित संज्ञान लेते हुए पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को जल्द कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों और आम नागरिकों की समस्या दूर होगी। नगर पालिका की प्राथमिकता जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका जनहित के कार्यों को लेकर सदैव तत्पर है और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर सभासद सिद्धांत सिंह, कश्यप मोटवानी, छात्रसंघ पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।