धान खरीद ठप होने पर भड़के किसान, मंडी गेट पर की तालाबंदी,तौल शुरू नहीं होने पर धरने पर बैठे किसान, आंदोलन की चेतावनी
खटीमा मंडी में धान खरीद प्रभावित होने से नाराज सैकड़ों किसानों ने गुरुवार को मंडी गेट पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक धान की तौल सुचारु रूप से शुरू नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, करीब 250 किसान सुबह तीन से चार बजे के बीच धान से भरी ट्रालियां लेकर मंडी पहुंचे थे। घंटों इंतजार के बावजूद तौल शुरू नहीं होने पर किसानों का आक्रोश बढ़ गया। किसानों के मुताबिक, मंडी परिसर में 80 से 85 ट्रालियां धान से लदी खड़ी हैं। उन्हें पहले मंडी बुलाया गया और अब दूसरी जगह जाने को कहा जा रहा है।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष गुरु सेवक सिंह ने आरोप लगाया कि एक अक्टूबर से लेकर आज तक धान की तौल सुचारु नहीं होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के आज के नए फरमान से किसानों में भारी आक्रोश है। किसानों का बहुत बड़ा शोषण हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दिया कि यदि सरकार अपना रवैया नहीं बदलती है तो संगठन के साथ विचार विमर्श कर किसानों के हक में एक बड़ी लड़ाई लड़ी जाएगी।
वहीं भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट के जिला अध्यक्ष मनजिंदर सिंह भुल्लर ने भी सरकार पर केवल आश्वासन देने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
वहीं वरिष्ठ विपणन अधिकारी केसी आर्य ने बताया कि सरकारी आदेश के चलते कुछ व्यवधान आया है। उच्च स्तर पर वार्ता चल रही है। उम्मीद है कि शाम तक तौल सुचारु हो जाएगी।