अमरू बैंड के पास खाई में गिरा डंपर, चालक घायल
चम्पावत जिले में अमरू बैंड के पास आरबीएम से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार डंपर संख्या UK05CA-1619 बेलखेत से टनकपुर की ओर जा रहा था। अमरू बैंड से करीब 500 मीटर आगे तीव्र मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।

हादसे में चालक नारायण सिंह (40) पुत्र भूप सिंह, निवासी बेलखेत, चल्थी घायल हो गया। पुलिसकर्मियों और राहगीरों की मदद से उसे खाई से निकालकर उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
चम्पावत पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने, गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।