खटीमा के वार्ड नंबर 6 में चार सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी, पालिकाध्यक्ष ने दिखाई तत्परता
नगर पालिका परिषद खटीमा के वार्ड नंबर 6 अमाऊं के निवासियों को जल्द ही सड़क की समस्या से निजात मिलने वाली है। वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क और नाली निर्माण की मांग पर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने तत्परता दिखाते हुए चार सड़कों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
सोमवार को वार्ड नंबर 6 के दर्जनों महिला-पुरुष नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, जिससे बरसात के मौसम में जलभराव और आवागमन में भारी परेशानी होती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वार्डवासियों की शिकायत पर पालिकाध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए और चार सड़कों के निर्माण की अनुमति प्रदान की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले कुछ ही दिनों में नगर पालिका परिषद द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
स्वीकृत सड़कों में पहली सड़क सूरज यादव के घर से विजय शंकर अवस्थी के घर तक, दूसरी सड़क राजेंद्र महर के घर से शोभित सक्सेना के घर तक, तीसरी सड़क हेमंत भट्ट के घर से जीवन सिंह के घर तक तथा चौथी सड़क राम यादव के घर से भुवन सिंह के घर तक बनाई जाएगी। इन सड़कों के निर्माण से पूरे वार्ड को लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।
सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिलने पर वार्डवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए पालिकाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि नगर पालिका परिषद खटीमा द्वारा नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना ही उनका लक्ष्य है। इसके लिए नगर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। चाहे सड़क हो, नाली हो, पेयजल हो या प्रकाश व्यवस्था, सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
चार सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिलने पर वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान की दिशा में तत्काल कदम उठाना सराहनीय है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से वह इस मांग को उठा रहे थे।
इस दौरान नीतू जिमीवाल, गीता देवी, संपत्ति देवी, भावना भट्ट, नेहा बोरा, गीता कन्याल, रोहित बोरा, दान सिंह कटायत, देव सिंह बोरा, चंद्रा देवी, गोपाल सिंह, बसंती नेगी, राजेंद्र सिंह, लक्ष्मी देवी, रुपा बोरा, मधु कांडपाल, रीना यादव, दीपा बोरा, राजेंद्र सिंह महर, मिलन सिंह, शोभित सक्सेना, विजय शंकर अवस्थी, हेमा धामी, भूपेंद्र सिंह धामी, कविता जीना, शिवानी सुमन सहित अनेक वार्डवासी उपस्थित रहे।