उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने आयोजित किया करवा चौथ महोत्सव। करवा चौथ क्वीन, थाली सजावट और डांस प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा खटीमा के तत्वावधान में एक निजी होटल के सभागार में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महिला नगर अध्यक्ष आरती डाबर की अध्यक्षता में अखंड सौभाग्य, सामाजिक एकता, नारी शक्ति के त्याग, दांपत्य जीवन के अटूट प्रेम व विश्वास के प्रतीक करवा चौथ महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करवा चौथ क्वीन, थाली सजावट, डांस परफॉर्मेंस, लकी ड्रॉ और सास-बहू सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें पंजाबी समाज के साथ ही अन्य समाज की महिलाओं ने भी पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
महिला संगठन की कुमाऊं अध्यक्ष सोनिया सुनेजा ने बताया कि महासभा की ओर से पिछले 15 वर्षों से लगातार करवा चौथ उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजमर्रा की दिनचर्या से अलग मनोरंजन का अवसर प्रदान करना, उनकी प्रतिभाओं को निखारना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न समाजों की महिलाओं को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है।
वहीं, दीप्ति ग्रोवर ने कहा कि खटीमा में प्रतिवर्ष करवा चौथ उत्सव उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसमें विभिन्न समाजों की महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती हैं।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा के नगर अध्यक्ष जितिन ग्रोवर ने बताया कि सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से करवा चौथ से एक-दो दिन पूर्व इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि आज के महोत्सव में समस्त विजेता महिलाओं को उपहार व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।।