उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की झनकट शाखा ने ग्राम फूलइया में लगाया वित्तीय साक्षरता एवं सतर्कता जागरूकता शिविर
खटीमा झनकट (उधम सिंह नगर), 31 अक्टूबर 2026।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, शाखा-झनकट द्वारा शुक्रवार को अपने कार्यक्षेत्र के ग्राम फूलइया में वित्तीय साक्षरता एवं सतर्कता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत सत्यनिष्ठा से समृद्धि थीम पर किया गया।
शिविर में ग्राम के लगभग 35-40 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक पीयूष गुप्ता ने उपस्थित ग्रामीणों को भ्रष्टाचार मुक्त एवं सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता संज्ञान में आती है तो उसकी शिकायत कहाँ और कैसे की जा सकती है, इस संबंध में उन्होंने विस्तृत जानकारी दी।
बैंक अधिकारी आनंद कुमार ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता के गुर सिखाए। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM पिन और खाता संख्या साझा न करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं – प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) के लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान अशोक सिंह राणा ने ग्रामीणों से बैंक द्वारा दी गई जानकारियों को अपने जीवन में अपनाने, वित्तीय रूप से साक्षर बनने और सुरक्षित बैंकिंग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए शाखा प्रबंधक एवं बैंक परिवार का आभार व्यक्त किया। शिविर का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।