एकल अभियान के सेवाव्रतियों को दीपावली पर मिष्ठान एवं उपहार भेंट, त्यागमय सेवा को किया नमन

एकल अभियान के सेवाव्रतियों को दीपावली पर मिष्ठान एवं उपहार भेंट, त्यागमय सेवा को किया नमन

रुद्रपुर एकल अभियान उत्तराखंड, अभिभावक एवं भारत लोक शिक्षा परिषद, रुद्रपुर चैप्टर की ओर से दीपावली के पावन पर्व पर सेवाव्रती भाई-बहनों को मिष्ठान एवं उपहार भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर भारत लोक शिक्षा परिषद रुद्रपुर चैप्टर के अध्यक्ष विजय भूषण गर्ग ने कहा कि एकल अभियान के सेवाव्रती भाई-बहन दुर्गम वनांचलों में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र-चेतना का दीप जला रहे हैं। उनके इस त्यागमय और समर्पित सेवा कार्य को नमन करते हुए उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि वनवासी क्षेत्रों में जाकर शिक्षा का अलख जगाना और बच्चों में संस्कारों का बीजारोपण करना अत्यंत कठिन कार्य है, जिसे सेवाव्रती पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं। ऐसे सेवाव्रतियों का सम्मान करना ही सच्ची दीपावली है। उन्होंने सभी सेवाव्रती बंधुओं के मंगलमय, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *