सीएम के आगामी कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका में मंथन, अध्यक्ष ने सभासदों को सौंपी वार्डवार जिम्मेदारी

सीएम के आगामी कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका में मंथन, अध्यक्ष ने सभासदों को सौंपी वार्डवार जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित खटीमा दौरे को लेकर नगर पालिका परिषद में तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की भव्यता और व्यवस्थाओं को लेकर आज नगर पालिका परिषद, खटीमा में अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में सभी सम्मानित सभासदों की एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री के आगामी कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर गहन चर्चा की गई। कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, स्वागत द्वार, सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल और जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों और सभासदों के बीच विचार-विमर्श किया गया।

पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम खटीमा के लिए गौरव का विषय है, इसलिए इसकी तैयारी में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी सभासदों को अपने-अपने वार्ड में कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार, नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं में सहयोग करने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड से अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा नगर के सभी वार्डों में साफ-सफाई अभियान भी चलाया जाएगा और मुख्य मार्गों पर लाइटिंग और सजावट की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन पर नगर को स्वच्छ और सुंदर दिखाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सभी सभासदों ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। सभासदों ने अपने-अपने सुझाव भी रखे, जिन पर अध्यक्ष ने सहमति जताते हुए अमल करने का आश्वासन दिया। बैठक में नगर के विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। यह तय किया गया कि सीएम कार्यक्रम के दौरान नगर की विकास योजनाओं का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा, ताकि खटीमा के विकास को और गति मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *