Udham Singh Nagar : पीटीएम में शामिल होने जा रही मां-बेटी की हादसे में मौत

सितारगंज। किच्छा हाईवे पर स्थित आरके ढाबा के पास शनिवार को एक हादसे में दो बेटियों के साथ अभिभावक शिक्षक बैठक (पीटीएम) में शामिल होने जा रही महिला को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सात वर्षीय बेटी और मां की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी 10 वर्षीय दूसरी बेटी बाल-बाल बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। शनिवार को दड़हाफार्म, उत्तरांचल कॉलोनी निवासी मीनू देवी (34) अपनी दो बेटियों अनिष्का (सात) और राधिका (10) के साथ अभिभावक शिक्षक बैठक में शामिल होने के लिए पंडरी स्थित विद्यालय जा रहीं थीं। वह किच्छा हाईवे पर आरके ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े होकर ई-रिक्शा का इंतजार कर रहीं थीं। तभी किच्छा की ओर से आई एक कार ने मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राधिका छिटककर दूर जा गिरी जिससे वह बाल-बाल बच गई। घटनास्थल के आसपास लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने अनिष्का और मीनू देवी को मृत घोषित कर दिया। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चालक से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *