उत्तराखंड में 8 घंटे के भीतर सड़क हादसों में 17 की जान गई; बदरीनाथ हाईवे पर ही 11 मरे

उत्तराखंड में 8 घंटे के भीतर सड़क हादसों में 17 की जान गई; बदरीनाथ हाईवे पर ही 11 मरे

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक पांच अलग-अलग सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई और 38 घायल हो गए। सबसे भयावह हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुआ, जहां बस खाई में गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। बदरीनाथ हाईवे पर ही दो हादसों में 11 लोगों की मौत हुई है।

पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन हादसों पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए।

बदरीनाथ हाईवे पर बस नदी में गिरी, 9 की मौत
पुलिस के मुताबिक, टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे गूलर बाजार के पास यह हादसा हुआ। हरिद्वार से चमोली जिले के जोशीमठ जा रही बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। हादसे के समय बस में 34 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक राजेंद्र सिंह (48) और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौसी निवासी विक्की (37) और रोहित कश्यप (37), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी राज रॉय, टिहरी के मैखंडी निवासी पुन्नू (55), चमोली के गोपेश्वर निवासी सुशील प्रताप सिलोडी (55) और मध्य प्रदेश के दीपक गुप्ता (55) एवं विकास गुप्ता के रूप में हुई है।

टिहरी में तीन अन्य हादसों में 4 की मौत
टिहरी जिले में बस हादसे के अलावा तीन और सड़क दुर्घटनाएं हुईं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, पहला हादसा सोमवार रात पावकीदेवी क्षेत्र में बांसकाटल के पास हुआ। यहां एक यूटिलिटी कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में बांसकाटल निवासी वीर सिंह (50) की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।

दूसरा हादसा सोमवार देर रात शिवपुरी क्षेत्र में बदरीनाथ हाईवे पर हुआ। यहां एक स्कूटर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस पर सवार दोगी क्षेत्र के आशीष सिंह (25) और प्रेम सिंह (32) की मौत हो गई। तीसरा हादसा घनसाली क्षेत्र में चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर भटेडी बैंड के पास हुआ। यहां एक स्कूटर और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटर सवार सुरेंद्र सिंह (35) की मौत हो गई।

रुद्रप्रयाग में खाई में गिरी कार, 4 की मौत और 6 घायल
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में भी सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर पोखरी से रांसी जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। कार में 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रातभर चले बचाव अभियान के दौरान सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों में से चार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

मृतकों की पहचान ऊखीमठ के रांसी गांव निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), देड़ा गांव के सूरत सिंह (42) और दादा गैड़ गांव के बलबीर सिंह (70) के रूप में हुई है। घायलों में कांथा गांव की पूजा देवी (34) और उनकी आठ साल की बेटी वंशिका भी शामिल हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *