महिला से कुंडल छीनने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार,पुलिस मुठभेड़ में दो घायल

पीलीभीत। बीसलपुर क्षेत्र में महिला के कान से कुंडल छीनने की घटना का पीलीभीत पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को कांबिंग अभियान के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया पीली धातु का कुंडल, अवैध हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को ग्राम गजरौला निवासी नन्ही देवी पत्नी चन्द्रपाल बीसलपुर कस्बे से घर लौट रही थीं। इसी दौरान अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने पीछे से झपट्टा मारकर उनके बाएं कान का कुंडल छीन लिया और फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना बीसलपुर में मुकदमा अपराध संख्या 517/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया।इसी क्रम में 17 नवंबर को करीब शाम 4:30 बजे थाना बीसलपुर क्षेत्र के गोवल नहर कोठी के पास पुलिस चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, तीसरा आरोपी मौके से भागकर खेत में छिप गया, जिसे पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान पुत्र साबिर कुरैशी उम्र 24 वर्ष, सुल्तान पुत्र इरफान तथा जीशान पुत्र बाबू बख्श उर्फ मंसूरी उम्र 25 वर्ष के रूप में की है। तीनों बीसलपुर कस्बे के मोहल्ला ग्यासपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, रिजवान और सुल्तान मुठभेड़ में घायल हुए हैं, जबकि जीशान को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया कुंडल, अवैध हथियार एवं कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुल्तान के विरुद्ध पूर्व में चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं।इस कार्रवाई में थाना बीसलपुर के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक हिमांशु चौधरी, उपनिरीक्षक अंकित यादव, मुख्य आरक्षी मुनेश यादव तथा आरक्षी परमजीत, रवि, दीपक राजपूत और रोहित राठी शामिल रहे।पीलीभीत पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। घटना के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *