गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा से मनाया गया, मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारा में टेका माथा
खटीमा। गुरुद्वारा गुरु नानक सिंह सभा द्वारा श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में सुबह से ही संगत का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने गुरुबाणी शब्द का गायन किया और अरदास में भाग लेकर सर्वत के भले की कामना की। पूरे गुरुद्वारा को फूलों और रोशनी से सजाया गया था। लंगर की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आगमन रहा। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा गुरु नानक सिंह सभा में पहुंचकर माथा टेका और गुरु नानक देव जी के समक्ष अरदास की। उन्होंने संगत को और समस्त प्रदेश वासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को एकता, समानता, सेवा और सच्चाई का संदेश दिया। उनका जीवन हमें जात-पात से ऊपर उठकर सभी के साथ प्रेम और भाईचारे से रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी पहले थीं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में शांति और सद्भाव को बढ़ावा देना चाहिए।

इस अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष स्वागत किया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने उन्हें तलवार भेंट कर सम्मानित किया। महासभा ने मुख्यमंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका गुरुद्वारा में आना संगत के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा गुरु नानक सिंह सभा के अध्यक्ष हरभजन सिंह खिंडा, उप प्रधान अनिल बत्रा, सेक्रेटरी जगजीत सिंह माली, कोषाध्यक्ष रमनदीप सिंह सेठी, रणजीत सिंह नामधारी, सरदार अमरजीत सिंह, ज्ञानी हरदेव सिंह, दलजीत गोरिया, बलविंदर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगत के साथ मिलकर अरदास की और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।