उत्तराकाशी के पवाणी गांव में लगी भीषण आग, दर्जनों घर जलकर राख; लाखों का नुकसान
उत्तराकाशी। उत्तराखंड के उत्तराकाशी में मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में मंगलवार शाम को अचानक आग लग गई। आग लगने की इस भीषण घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। आग की चपेट में आने से दर्जनों घरों के जलने की सूचना है। सूचना के बाद मोरी से पुलिस, फायर व राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार मोरी तहसील मुख्यालय से 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हरकीदून घाटी के पवाणी गांव में मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक एक घर में आग लग गई।
एक घर से शुरू हुई आग ने पूरे गांव को घेरा
ग्रामीण कुछ समझ पाते इससे पूर्व आग विकराल हो गई और आस-पास स्थित अन्य भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिससे पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई। आग से घरों में रखा खाने का सामान, बर्तन, गैस सिलेंडर, कपड़े, नगदी सहित अन्य चीजों के जलने की सूचना है। इससे प्रभावित परिवारों के लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गांव के घर अधिकतर लकड़ी और पत्थर के बने हैं। इसी कारण आग तेजी से फैली। तेज हवा ने भी आग को भड़काने का काम किया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पानी की कमी और तेज लपटों के कारण वे आग पर काबू नहीं पा सके। लोग अपने घरों से जैसे-तैसे बाहर निकलकर जान बचाते नजर आए। कई परिवारों को सिर्फ पहने हुए कपड़ों में ही घर छोड़ना पड़ा।
30 से अधिक परिवार प्रभावित
घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। वहीं दूसरी ओर इस भीषण अग्निकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि आग से 30 से अधिक परिवारों को नुकसान पहुंचा है।
कई परिवारों का पूरा घर-बार जलकर राख हो गया है। अनाज, बिस्तर, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज और नगदी सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। जिन परिवारों के घर बचे हैं, वे भी दहशत में हैं। रात में ठंड के कारण प्रभावित परिवारों के सामने खुले में रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
रेस्क्यू टीम को पहुंचने में लगेगा दो घंटे से अधिक समय
तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, राजस्व, फायर सहित एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई। बताया कि पवाणी गांव तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीम को करीब दो घंटे से अधिक का समय लगेगा। टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही आग से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।
पवाणी गांव सड़क से काफी दूर और दुर्गम क्षेत्र में स्थित है। हरकीदून घाटी में स्थित इस गांव तक पहुंचने के लिए पैदल रास्ता तय करना पड़ता है। इसी कारण राहत और बचाव कार्य में देरी हो रही है।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने का इंतजार है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग चूल्हे से लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। प्रशासन ने कहा है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, टेंट, कंबल, राशन और नगदी सहायता दी जाएगी। नुकसान का आकलन कर मुआवजे की कार्रवाई भी की जाएगी।