29 जून को होने वाली परीक्षा को लेकर विकास भवन में बैठक लेते एडीएम सिटी
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की ओर से कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-तृतीय मुख्य परीक्षा की लिखित परीक्षा 29 जून को आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी। मेरठ जिले में परीक्षा 40 केंद्रों पर आयोजित कराई जाएगी। इसमें 19056 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा में परीक्षार्थियों को विशेष दिशा निर्देशों का ध्यान रखना है। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए एक पुरुष व एक महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी।
इसके अलावा कार्मिकों को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रवेश पत्र को भी बारीकी से देखा जाएगा और प्रवेश पत्र, अभ्यर्थी के पहचान संबंधी अभिलेख अभ्यर्थी की फोटो से उसका मिलान किया जायेगा। यदि किसी अभ्यर्थी की पहचान को लेकर कोई संदेह या विवाद होता है तो उस स्थिति में प्रकरण को हेल्प डेस्क पर तैनात प्रभारी और केंद्र अधीक्षक को बताया जाएगा। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। साथ ही परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक डाटा कैप्चरिंग के लिए एक टीम से अलग बनाई जाएगी। इस टीम की ओर से परीक्षा कक्ष के अंदर ही समस्त परीक्षार्थियों के डाटा कैप्चर कराया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा। किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश द्वार बंद होने के बाद अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी|