उधम सिंह नगर खटीमाः मझोला खटीमा सहकारी गन्ना विकास समिति के चुनाव में भाजपा का परचम लहराया है। अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी बलविंदर सिंह व उपाध्यक्ष पद पर प्रभदीप सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होते ही समिति से जुड़े किसानों ने सभी पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही मिठाई बांटकर खुशियां मनाई। समिति में 12 जून से चुनाव प्रक्रिया चल रही है।
पहले चरणमें सामान्य निकाय, दूसरे चरण में प्रबंध कमेटी व तीसरे चरण में शनिवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का निर्वाचन हुआ। समिति सचिव महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अध्यक्ष पद पर ग्राम पुरनापुर निवासी बलविंदर सिंह ढिल्लो व उपाध्यक्ष पद पर ग्राम हल्दीघेरा निवासी प्रभदीप सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि जिला सहकारी बैंक के लिए प्रतिनिधि के रूप में अशोक कुमार व जोनल गन्ना सेवा प्राधिकरण के लिए प्रतिनिधि के रूप में रजविंदर कौर ने नामांकन दाखिल किए।
एक-एक नामांकन होने के कारण दोनों प्रतिनिधियों को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इसके अलावा सभी 50 डेलीगेट्स व 11 डायरेक्टर भी निर्विरोध निर्वाचित किए जा चुके हैं। उत्तराखंड शासन द्वारा ग्राम नगला निवासी सुरेश राणा व ग्राम चकरपुर निवासी कैलाश पंत को डायरेक्टर नामित किया गया है। इधर, भाजपा समर्थित प्रत्याशी बलविंदर सिंह ने सभी किसानों व निर्वाचन प्रक्रिया को निर्विरोध संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाने के लिए किसान नेता प्रकाश तिवारी का आभार जताया।
वहीं इस पर किसान नेता प्रकाश तिवारी ने सभी निवर्वाचित पदाधिकारियों व किसानों को बधाई दी, कहा कि किसानों ने सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन कराकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास पर मुहर लगाई। यहां पूर्व चेयरमैन बलजीत सिंह, गणेश मौर्या, मनोज वाधवा, किसान नेता मनजिंदर सिंह भुल्लर, एसके सेन, अनिल ओली, कश्मीर सिंह बलवंत सिंह, मलकीत सिंह, दिलबाग सिंह, आदि उपस्थित रहे।
