उधम सिंह नगर खटीमाः सीमांत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत चुनाव चिह्न आवंटन होने के बाद दावेदारों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। समर्थकों की टोलियां सिंबल के साथ गांव-गांव व गली-मोहल्लों में चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। हर कोई मतदाताओं को रिझाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है।
सीमांत में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पहले चरण में मतदान होना है, जिसकी नामांकन व चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिसके बाद विकासखंड में प्रधान के 57, बीडीसी के 40, ग्राम पंचायत सदस्य के 95 व जिला पंचायत के 6 पदों समेत कुल 198 पदों के लिए चुनाव होना है, जिसमें से प्रधान पद पर 238, बीडीसी पद पर 153 व ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 198 दावेदार मैदान में हैं। इधर, चुनाव चिन्ह मिलने के बाद दावेदारों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
दावेदारों ने जगह-जगह होर्डिंग, पोस्टर लगाने के साथ ही घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाना शुरू कर दिया है। हर कोई विकास के दावे कर रहा है। साथ ही चुनाव जीतने पर विकास कार्यों को तेज करने के वादे कर रहा है। वहीं, खास बात यह है कि विभिन्न गांवों के 169 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर किसी भी दावेदार द्वारा नामांकन नहीं कराया गया है, जिस कारण इन गांवों में ग्राम पंचायत सदस्य का चुनाव नहीं होगा। इधर, चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद ब्लाक गेट पर सिंबल बने पंपप्लेट व चेस्टकार्ड बेचने वालों के ठेले सजे हुए हैं।
