बाजपुर/सुल्तानपुर पट्टी। हाईवे स्थित यूपी क्षेत्र में कोसी नदी के पुल से कूदी युवती 16 घंटे बाद जीवित अवस्था में घटनास्थल से पांच किमी दूर झाड़ियों में फंसी मिली। रविवार सुबह शौच करने गए एक स्टोन क्रशर के कर्मचारी युवती को झाड़ियों से निकालकर ले आए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवती का काशीपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों के चेहरे पर रौनक लौट आई है|
बीते शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला टांडा बंजारा निवासी बलवीर की बेटी अंजू (25) ने रुद्रपुर हाईवे स्थित पुल पर अपनी स्कूटी खड़ी कर अज्ञात कारणों के चलते कोसी नदी में छलांग लगा दी थी। इस दौरान हाईवे से गुजर रहे बाइक सवार युवकों ने युवती को बचाने की कोशिश की थी। सूचना पर पुलिस ने निजी गोताखोर लगाकर खोजबीन कराई थी लेकिन युवती का कुछ पता नहीं चला था|
रविवार सुबह करीब छह बजे बाबा नीम करौली स्टोन क्रशर के कर्मचारी शौच के लिए नदी किनारे गए थे। इस दौरान कर्मचारियों को कोसी नदी किनारे झाड़ियों में फंसी एक युवती अचेत अवस्था में दिखाई दी। मजदूरों ने इसकी सूचना क्रशर प्रबंधन को दी। आननफानन युवती को बाहर निकाला गया। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवती को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। मसवासी (यूपी) पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या की कोशिश करने का लग रहा है। युवती से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इधर इलाज के बाद परिजन युवती को घर ले आए हैं। युवती का स्वास्थ्य सामान्य स्थिति में बताया गया है।
